जमशेदपुर : अपराध नियंत्रण तथा जुआ और लॉटरी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एमजीएम थाना पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-33 के किनारे सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार से कथित तौर पर ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस की नजर सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार पर पड़ी। कार के अंदर तीन युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन लिंक से जुआ खेलते और उसका हिसाब-किताब कॉपी में दर्ज करते पाए गए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने आईडी-पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेलने तथा इससे अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की।

तीन आरोपी गिरफ्तार…….
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,18,490 रुपये नकद, दो आईफोन समेत कुल चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने-चांदी के आभूषण और जुए के लेन-देन का हिसाब-किताब लिखी एक कॉपी बरामद की है. पुलिस के अनुसार बरामद नकदी में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये मिले।
मोबाइल में मिले ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के साक्ष्य……
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से कथित ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल से जुड़े गेम खेलने तथा खिलाने वाले नेटवर्क से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात कही गई है। पुलिस को बैंक और यूपीआई लेन-देन से जुड़े स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनके आधार पर आर्थिक लेन-देन की पड़ताल की जा रही है. बरामद सामान में आईफोन-13, आईफोन-17 प्रो मैक्स समेत अन्य मोबाइल फोन, सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट शामिल हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश……
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है. पुलिस के अनुसार बैंकिंग एवं यूपीआई लेन-देन की जांच के साथ-साथ आरोपियों के मोबाइल फोन में मिले डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई और गिरफ्तारियां जांच के आधार पर की जाएंगी।
