जमशेदपुर : टेल्को बारीनगर क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गुरुवार को बड़ी संख्या में टेल्को थाना पहुंचकर नाजिया इलाही खान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा उनकी गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नाजिया इलाही खान द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य मंचों पर दिए गए कथित बयान से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

समुदाय की ओर से थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कथित रूप से पैगंबर मोहम्मद साहब के संबंध में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा इससे सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर अमीर अली अंसारी ने कहा कि किसी भी धर्म, धर्मगुरु अथवा धार्मिक आस्था के प्रति अपमानजनक टिप्पणी समाज में वैमनस्य और तनाव पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए सभी धर्मों और उनकी आस्थाओं का सम्मान आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
थाना परिसर में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में मौलाना जियाउल्लाह, शाहिद परवेज, जहीर सिद्दीकी, सोनू खान, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अरशद, सोहेब अहमद खान, अली अख्तर, सोहेल खान, मोहम्मद जैनुल, अल्तमस जॉनी, शाहजहां दारा, मोहम्मद शहादत, नौशाद आलम, सरफराज खान, इमरान खान सहित बड़ी संख्या में समुदाय के लोग उपस्थित थे।
फिलहाल पुलिस द्वारा प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

