रायपुर : राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आरोप है कि बॉयफ्रेंड वीरू धीवर ने बीच सड़क अपनी गर्लफ्रेंड राजकुमारी साहू पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को स्थानीय लोगों ने आग बुझाकर तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के मुताबिक, राजकुमारी साहू आरंग की रहने वाली थी और उसका वीरू धीवर के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद वह ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क पर महिला को जलता देख स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। पेट्रोल पहले से लाया गया था या मौके पर इसकी व्यवस्था की गई थी और वारदात के पीछे असली वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच का हिस्सा हैं. पुलिस आरोपी की तलाश के साथ महिला और आरोपी के बीच घटना से पहले हुई बातचीत, विवाद और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। वारदात की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
