जमशेदपुर : जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की उपस्थिति में ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

गोष्ठी के दौरान लंबित कांडों, छिनतई, गृहभेदन, वारंट एवं कुर्की से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के माहौल में पर्व संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान CCTNS, ITSSO, iRAD, ICJS एवं e-Sakshya जैसी तकनीकी प्रणालियों में अद्यतन प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा उनके प्रभावी उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन तथा जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं सक्रिय पुलिसिंग अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सभी स्तरों पर परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
