परसुडीह के गोलपहाड़ी नया बस्ती में वारदात, लौटने पर टूटा मिला ताला और बिखरा पड़ा था सामान, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। परिवार पिता के निधन के बाद श्राद्ध कर्म में शामिल होने बिहार के सिवान गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. बताया गया कि गोलपहाड़ी नया बस्ती निवासी रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को निधन हो गया था। इसके बाद परिवार अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म में शामिल होने पैतृक गांव सिवान चला गया। घर में ताला लगा हुआ था। रविवार को परिवार छपरा-टाटानगर ट्रेन से जमशेदपुर वापस लौटा।

घर पहुंचते ही उड़े होश……
घर पहुंचने पर परिवार को मुख्य गेट बाहर से बंद मिला। लेकिन जैसे ही अंदर प्रवेश किया, घर का पूरा मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी क्षतिग्रस्त पड़ी थी। सामान की जांच करने पर अलमारी में रखे करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद गायब मिले. चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार ने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV से चोरों तक पहुंचने की कोशिश…..
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर कौन थे और वे किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और घटना के बाद किस दिशा में फरार हुए।
‘घर खाली होने की भनक’ किसे थी?…..
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि परिवार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए बाहर जाने की जानकारी चोरों को कैसे मिली। पुलिस इस पहलू को भी जांच के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है. इसके अलावा वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी की गई संपत्ति को चोर अपने साथ किस माध्यम से ले गए, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
