जमशेदपुर : नेपाल के रसुवा जिले में तिब्बत से अचानक आई बाढ़ के कारण भोटेकोसी नदी में आई भीषण फ्लैश फ्लड से हुई व्यापक जान-माल की क्षति पर जमशेदपुर नेपाली सेवा समिति ने गहरा दुख व्यक्त किया है. नेपाली सेवा समिति, जमशेदपुर के अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने कहा कि नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा से जमशेदपुर में रहने वाला पूरा नेपाली समाज और गोरखा परिवार मर्माहत है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की।

उन्होंने कहा कि नेपाल इस समय एक गंभीर प्राकृतिक त्रासदी से गुजर रहा है। ऐसे कठिन समय में पूरा नेपाली समाज नेपाल के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि नेपाल जल्द इस आपदा से उबरकर सामान्य जनजीवन की ओर लौटे तथा प्रभावित परिवारों को इस कठिन परिस्थिति से बाहर निकलने की शक्ति मिले. विजय कुमार दमाई ने यह भी प्रार्थना की कि इस प्राकृतिक आपदा का प्रतिकूल प्रभाव भारत तक न पहुंचे और देश सुरक्षित रहे। उन्होंने सभी लोगों से आपदा की इस घड़ी में नेपाल के प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
