जमशेदपुर : शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज में बाइक चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग वाहनों से 102 मॉडिफाइड साइलेंसर पाइप जब्त किए। कार्रवाई की जद में आए वाहन चालकों से पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसरों को सोमवार को सड़क पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम लोगों को तेज और कर्कश बाइक की आवाज से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है।

पुलिस के मुताबिक, कई बाइक चालक कंपनी के निर्धारित साइलेंसर को हटाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाते हैं। इससे बाइक से सामान्य से कहीं अधिक तेज आवाज निकलती है। खासकर रिहायशी इलाकों, बाजारों और व्यस्त सड़कों पर इस तरह की तेज आवाज से लोगों को काफी परेशानी होती है. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों में ऐसे साइलेंसर का इस्तेमाल न करें, जिनसे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है।
