रांची : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्यभर में गुरुवार को भीषण गर्मी और तेज धूप लोगों को परेशान करेगी, जबकि शुक्रवार से मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी, तेज बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। दोपहर के समय गर्म हवाएं और उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। कई जिलों में पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है।



कल से बदलेगा मौसम का मिजाज……
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार से झारखंड में मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। तेज हवा, गरज के साथ बारिश और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने को कहा गया है। किसानों को भी फसल और पशुओं की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना…..
रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत…..
लगातार पड़ रही गर्मी से परेशान लोगों को बारिश के बाद राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे वातावरण सुहाना हो जाएगा।



