जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह बस्ती में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 27 वर्षीय युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी रोहित मुंडा (27) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात रोहित सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए।

बताया जाता है कि देर रात बांधडीह बस्ती में दोबारा विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने रोहित को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल रोहित को परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय घर ले आए। परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद उसने पानी भी पिया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि घायल को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया। इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि यदि उसे तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलती तो उसकी जान बच सकती थी या नहीं।
मृतक के साथी बजरंग ने आरोप लगाया है कि पूरी घटना बाइक चोरी के शक से जुड़ी है। उसके अनुसार, पार्टी के बाद एक युवक की बाइक रोहित अपने घर ले आया था, जिसके कारण कुछ लोगों ने उसे चोर समझ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मृतक के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा कर लिया जाएगा।
