धनबाद : जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब हल्दी की रस्म निभा रहे दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। दूल्हे पर एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके परिजनों से 7.5 लाख रुपये लेने और बाद में किसी दूसरी युवती से शादी की तैयारी करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार भुइयां बीसीसीएल में कार्यरत है। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी एक युवती से तय हुई थी। आरोप है कि तिलक के रूप में युवती पक्ष ने उसे 7.5 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद से सुनील और उसके परिजन लगातार शादी की तारीख टालते रहे।

इसी बीच सुनील का रिश्ता दूसरी युवती से तय हो गया और बुधवार को उसकी बारात जाने की तैयारी चल रही थी। बताया जाता है कि इस बात की जानकारी पहली युवती के परिजनों को मिली तो उन्होंने धनबाद महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हल्दी समारोह के दौरान सुनील कुमार भुइयां को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#Dhanbad #Loyabad #WeddingDrama #MarriageFraud #PoliceAction #Jharkhand #BreakingNews #CrimeNews #HaldiCeremony #LatestNews

