जमशेदपुर : पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता ने शुक्रवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा।



मुलाकात के दौरान बन्ना गुप्ता ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात व्यवस्था तथा शहरी आधारभूत संरचना से संबंधित समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने विशेष रूप से मानगो एवं जमशेदपुर पश्चिम क्षेत्र के निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लंबित योजनाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
पूर्व मंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी के अनुरूप क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री से सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुलाकात के बाद बन्ना गुप्ता ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक हस्तक्षेप और संवेदनशील पहल से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं तथा आगे भी जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।



