जमशेदपुर : ट्राइबल कल्चर सेंटर, सोनारी में बाउरी समाज जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी की ओर से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला जिले के विभिन्न पदाधिकारी और समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान समाज के सर्वांगीण विकास, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार, खेलकूद और संगठन को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए युवाओं को शिक्षा के साथ हुनर और रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। इसके लिए समाज के युवाओं के स्किल डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। साथ ही पढ़े-लिखे युवाओं एवं युवतियों को हायर एजुकेशन के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने में आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया गया।

मेधावी बच्चों को मिलेगा सम्मान……
बैठक में समाज के मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आगे बढ़ने का उत्साह बढ़ेगा और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी।
सरकारी नौकरी की तैयारी में युवाओं को मार्गदर्शन…..
समाज के पढ़े-लिखे युवाओं को सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सही दिशा और संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया गया।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल……
बैठक में युवाओं एवं युवतियों को खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। समाज की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि ग्रामीण एवं बस्ती क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाया जा सके और उन्हें उचित मंच मिल सके।
गांव-बस्ती में मजबूत होगा संगठन……
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बाउरी समाज के प्रत्येक गांव एवं बस्ती में समाज के मुखिया का चयन करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से समाज के लोगों को संगठित करने, उनकी समस्याओं को सामने लाने और सामाजिक गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने की दिशा में काम किया जाएगा. बैठक में आगामी बाउरी समाज सम्मेलन के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
