जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से शनिवार को बिष्टूपुर स्थित तिलक पुस्तकालय कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और लूट तथा MMDR संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने दोनों मुद्दों को लेकर 7 सितंबर को रांची में लोकभवन (राजभवन) के समक्ष महाधरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की. जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि केंद्र की डबल इंजन सरकार की निगरानी के बावजूद अयोध्या में श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और लूट को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे भगवान श्रीराम के भक्तों की आस्था, विश्वास और भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की. उन्होंने झारखंड के अधिकार और राजस्व से जुड़े MMDR संशोधन विधेयक के मुद्दे को भी उठाया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि संशोधन के माध्यम से झारखंड को खान एवं खनिज से मिलने वाले राजस्व के अधिकार को प्रभावित किया गया है। पार्टी ने इसे झारखंड के मान-सम्मान, अधिकार और अस्तित्व से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर 7 सितंबर को रांची में लोकभवन (राजभवन) के समक्ष राज्यस्तरीय महाधरना-प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे. जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने पूर्वी सिंहभूम जिले के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों, मंडल पदाधिकारियों, मंच-मोर्चा के पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के मान-सम्मान, अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई है।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने प्रेस वार्ता में अतिथियों एवं प्रेस प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रांची चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाएंगे. प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, एलबी सिंह, संजय सिंह आजाद, राजा सिंह राजपूत, केके शुक्ल, नवनीत मिश्र, ज्योति मिश्र, आशुतोष सिंह, अंसार खान, मकसूद आलम, फिरोज खान और कौशल प्रधान समेत अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
