जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी-मरीन ड्राइव के समीप गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत से शहर में शोक की लहर है। हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार युवाओं की मौत पर भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक डॉ. जटाशंकर पांडे ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

डॉ. पांडे ने कहा कि यह हादसा बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक है। कम उम्र में चार युवाओं का असमय चले जाना उनके परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
बताया गया कि गुरुवार तड़के करीब तीन बजे कार संख्या जेएच05 डीएस 6450 मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। इसी दौरान दोमुहानी के समीप सड़क पर खराब होकर खड़े ट्रेलर संख्या जेएच02टी 3971 में पीछे से तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। राहत एवं बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला।
हादसे में तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए दुर्घटना के कारणों की गहन जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क पर खराब होकर खड़े भारी वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का संकेत मिल सके. उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने की अपेक्षा जताई।
