25 अक्टूबर को शपथ ग्रहण समारोह, थाना स्तर तक गठित होंगी मंडल कमिटियां
जमशेदपुर : ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं संस्थापक समिति की महत्वपूर्ण बैठक बिरसानगर स्थित पंडित कमलकिशोर के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता, आगामी कार्यक्रमों तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में निर्णय लिया गया कि संघ का प्रत्येक नियुक्त पदाधिकारी अपने साथ एक सहयोगी को संगठन से जोड़ेगा। वहीं, संस्थापक समिति के सदस्य भी अपने-अपने स्तर पर एक-एक मनोनीत पदाधिकारी को जोड़ेंगे। इस पहल के माध्यम से संगठन की विस्तृत एवं मजबूत जम्बो टीम तैयार करने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों का कहना था कि अधिक से अधिक लोगों को जिम्मेदारी से जोड़कर संगठन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

25 अक्टूबर को होगा शपथ ग्रहण समारोह……
बैठक में आगामी 25 अक्टूबर 2026, रविवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समारोह में निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारी संगठन, समाज और अपने दायित्वों के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की शपथ लेंगे।
थाना स्तर तक बनेगी मंडल कमिटी……
ब्राह्मण समाज को जमीनी स्तर पर संगठित और मजबूत करने के लिए थाना स्तर तक मंडल कमिटियों के गठन का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि समाज की वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा जरूरी है। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
जरूरतमंदों की सहायता के लिए बनेगी विशेष कमिटी…..
बैठक में समाज की सामाजिक जरूरतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष कमिटी गठित करने पर भी सहमति बनी। यह कमिटी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के साथ शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सहयोग और अन्य आवश्यक विषयों पर काम करेगी. इस अवसर पर कमलकिशोर जी ने उपस्थित पदाधिकारियों को संगठन की मूल भावना एवं समाजहित में कार्य करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति केवल पदों में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी में निहित है।
बैठक में पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि संगठन को केवल नाम और पद तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि हर स्तर पर समाज के बीच जाकर कार्य किया जाएगा। सामाजिक एकजुटता, सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाएगा. बैठक में मुख्य रूप से निर्वाचित जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, अभय पांडेय, पवन उपाध्याय, निर्मल दीक्षित, अप्पू तिवारी, अभिषेक ओझा, संतोष जोशी, अरुण शुक्ला, रणजीत झा, राकेश उपाध्याय, मुन्ना चौबे एवं हृतिक चौबे समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के समापन पर पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि “संगठन मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा और समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी।”
