जमशेदपुर : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने झारखंड में संगठन को और मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद काशिफ रज़ा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के निर्देशानुसार कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कुल 25 पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी हैं. पार्टी के अनुसार, यह विस्तार बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मान्यवर कांशीराम के विचारों “बहुजन हिताय–बहुजन सुखाय” को आगे बढ़ाने तथा झारखंड में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों में मधुसूदन कुमार को मुख्य महासचिव, सिराजुद्दीन खान को वरीय महासचिव, प्रभुनाथ बौद्ध को महासचिव सह प्रवक्ता तथा परवेज शहज़ाद को महासचिव सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं त्रिपुरारी सिंह चेरो, मुहम्मद अयाज़ुद्दीन, शरीफ खान, लक्ष्मण रवि, सुखविन्दर सिंह अटवाल और मुहम्मद मुर्तज़ा आलम को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है. इसी क्रम में मुमताज़ खान और यदुनंदन नायक को वरीय उपाध्यक्ष तथा आसिफ सिद्दीकी, रणजीत कुमार, अजय सिंह चेरो, फूलजोरिया बिलुंग और हिफ़ज़ुर रहमान को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संगठनात्मक जिम्मेदारी के तहत नागमणि रजक को मुख्य संगठन सचिव सह प्रवक्ता, राम कुमार रवि को वरीय सचिव सह आईटी सेल प्रभारी तथा जिब्रान आफताब सिद्दीकी को सचिव सह सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं नसीम साज, गौरव कुमार दास और महेंद्र दास को सचिव तथा प्रोफेसर मुहम्मद शकील अहमद और अतहर परवेज़ खान को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है. प्रदेश अध्यक्ष मुहम्मद काशिफ रज़ा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन ने जिन साथियों को जिम्मेदारी सौंपी है, वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठनात्मक प्रयासों को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है. काशिफ रज़ा ने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए झारखंड में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
