नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों, अपार्टमेंट और कार्यालयों से बाहर निकल आए। कुछ स्थानों पर लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी साझा की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.7 दर्ज की गई। भूकंप के झटके उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी महसूस किए गए।

राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक दिल्ली-एनसीआर या अन्य प्रभावित क्षेत्रों से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान अथवा हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
