बेंगलुरु : ऑटो किराए को लेकर यात्रियों और ड्राइवरों के बीच बहस आम है, लेकिन बेंगलुरु के HSR लेआउट से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वायरल वीडियो में लड़कियों के एक समूह और ऑटो चालक के बीच किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदलता नजर आ रहा है. वीडियो में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस के बाद हाथापाई शुरू होती दिखाई देती है। दोनों एक-दूसरे को थप्पड़ मारते और बाल खींचते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद एक महिला दोनों पक्षों को अलग कराने का प्रयास करती दिखती है।

सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, घटना HSR लेआउट के थर्ड सेक्टर की बताई जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ यूजर्स ऑटो चालक को जिम्मेदार बता रहे हैं, जबकि कुछ का दावा है कि विवाद की शुरुआत लड़कियों की ओर से हुई. फिलहाल वीडियो की परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह को लेकर स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दोनों पक्षों का पक्ष सामने आना जरूरी है।