जमशेदपुर : ह्यूमन राइट्स एंड सोशल जस्टिस मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के नवपदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने शहर की कानून-व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से शहर में नियमित रूप से विशेष वाहन जांच अभियान चलाने का आग्रह किया। ज्ञापन में हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सख्ती से लागू कराने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों तथा तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने की मांग की गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
ज्ञापन में ऑटो-रिक्शा चालकों द्वारा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने तथा यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने की बढ़ती शिकायतों का भी उल्लेख किया गया। मिशन ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों की नियमित जांच कर दोषी चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों, महिलाओं एवं दैनिक यात्रियों को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर की शराब दुकानों के आसपास कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। ज्ञापन में सभी शराब दुकानों के 500 मीटर के दायरे में नियमित पुलिस गश्त एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने की मांग की गई, ताकि अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही यह भी मांग की गई कि सभी शराब दुकानें निर्धारित समय सीमा, रात 10 बजे तक ही संचालित हों तथा समय का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
मिशन ने यातायात चालान से प्राप्त राजस्व के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। प्रतिनिधियों का कहना था कि इस राशि का उपयोग सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, जनजागरूकता अभियान तथा यातायात अवसंरचना को सुदृढ़ करने जैसे कार्यों में किया जाना चाहिए, जिससे आम जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से ज्ञापन में उल्लिखित सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने का भरोसा दिया. प्रतिनिधिमंडल में मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

