जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर ललित मीणा के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने साकची और बिष्टुपुर के वोल्टास गोलचक्कर के पास हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान साकची में 55 और वोल्टास गोलचक्कर के पास 50 हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने की अपील की। मौके पर यातायात डीएसपी नीरज, साकची यातायात थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद और बिष्टुपुर यातायात थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
