जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को शहरी एवं ग्रामीण थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 28 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए. पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। लंबे समय से मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगाए लोगों को जब पुलिस ने उनके फोन सौंपे, तो उन्होंने जिला पुलिस के प्रति आभार जताया।

जिला पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत अब तक कुल 3,233 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस किए जा चुके हैं। पुलिस लगातार तकनीकी माध्यमों और विभिन्न स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों के जरिए गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण को मजबूत करना है। मोबाइल बरामदगी की इस कार्रवाई से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।




















