जमशेदपुर : होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, निखार को गोली मारने वाले दो शूटरों को पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा इलाके से पकड़ा गया है। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस सरायकेला ला रही है। बताया जा रहा है कि दोनों वही शूटर हैं, जो घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में नजर आए थे। हत्या के बाद दोनों सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने बॉर्डर तक पहुंचने से पहले ही उन्हें दबोच लिया। हालांकि, पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है. पूछताछ में हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि निखार की हत्या की सुपारी किसने दी, शूटरों को किसने बुलाया और हत्या की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे। शहर से भी पुलिस ने कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

जमीन विवाद की ओर जांच की सुई…….
पुलिस की अब तक की जांच में निखार सबलोक की हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य वजह के तौर पर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि निखार चांडिल के आसानबनी में एनएच किनारे जमीन पर बड़ा होटल खोलने की तैयारी में थे। इसी जमीन को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। सोनारी की एक जमीन को लेकर भी निखार के कुछ लोगों से विवाद होने की बात सामने आई है. मामले के खुलासे के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
चार दिन से जा रहे थे उसी होटल, अपराधियों को थी पूरी जानकारी……
निखार सबलोक की हत्या सोमवार की दोपहर करीब 3.30 बजे चांडिल थाना क्षेत्र के आसानबनी स्थित 10th Mile Stone Restaurant में गोली मारकर की गई थी। हत्या से पहले निखार साकची स्थित अपने होटल पहुंचे थे। होटल कर्मियों के अनुसार, वह रोजाना की तरह सोमवार को भी होटल आए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे दो लोग उनसे मिलने होटल पहुंचे। दोनों से मुलाकात के बाद निखार उन्हीं के साथ होटल से निकल गए. पुलिस को जानकारी मिली है कि निखार पिछले करीब चार दिनों से लगातार 10th Mile Stone Restaurant जा रहे थे। आशंका है कि अपराधियों को उनकी इस दिनचर्या की पहले से जानकारी थी। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि निखार को होटल तक कौन लेकर गया और रास्ते में उनके साथ कौन-कौन था।
होटल कर्मियों से पूछताछ, संदिग्ध महिला की भी तलाश….
हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए चांडिल पुलिस 10th Mile Stone Restaurant के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। निखार जिन लोगों से मिलने वहां पहुंचे थे, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान होटल के आसपास दिखाई दी एक संदिग्ध महिला की तलाश भी तेज कर दी गई है. पुलिस को आशंका है कि बाहर से शूटर बुलाकर निखार की हत्या कराई गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुंचने पर केंद्रित हो गई है।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, परिवार में मातम……
मंगलवार सुबह निखार सबलोक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस लाया गया। यहां उनके कई परिचित और शुभचिंतक पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव को कदमा स्थित विजय हेरिटेज स्थित उनके आवास ले जाया गया। निखार के पिता ने चांडिल थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। शहर के कई कारोबारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी उनके घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
थाईलैंड में भी था होटल कारोबार…..
निखार सबलोक का परिवार लंबे समय से होटल कारोबार से जुड़ा रहा है। निखार पहले थाईलैंड के पटाया शहर में The Tamnan Pattaya Hotel and Resort का संचालन करते थे। वहां लीज अवधि समाप्त होने के बाद वह जमशेदपुर लौट आए थे। इसके बाद उन्होंने शहर में होटल कारोबार के साथ जमीन के कारोबार में भी सक्रियता बढ़ाई थी। एनएच किनारे एक बड़े होटल की योजना को लेकर उनकी गतिविधियां तेज थीं. निखार के पिता संजीव सबलोक पहले बिल्डिंग निर्माण के कारोबार से जुड़े थे। बाद में उन्होंने होटल कारोबार का विस्तार किया और साकची, बिष्टुपुर व आदित्यपुर में होटल क्रिस्टल का कारोबार खड़ा किया। परिवार का होटल कारोबार थाईलैंड तक फैला हुआ था।
दो भाइयों में बड़े थे निखार…..
33 वर्षीय निखार सबलोक दो भाइयों में बड़े थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। परिवार के मुताबिक, दो बार शादी की बात तय हुई थी, लेकिन दोनों बार रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। अचानक हुई हत्या से पूरा परिवार सदमे में है. अब दो संदिग्ध शूटरों की गिरफ्तारी ने मामले की जांच को निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया है। पुलिस की पूछताछ में अगर शूटरों ने राज खोला, तो निखार हत्याकांड के पीछे छिपे साजिशकर्ता, सुपारी देने वाले और हत्या की पूरी प्लानिंग का पर्दाफाश हो सकता है।




















