ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मानव तस्करी और देह व्यापार के एक कथित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के चंगुल से 35 वर्षीय एक टीवी अभिनेत्री को मुक्त कराया गया है। आरोप है कि मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं को जबरन देह व्यापार में धकेलकर यह गिरोह मोटी रकम वसूलता था। मामले में पुलिस ने 39 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके पुरुष सहयोगी की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से मिली सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में जाल बिछाया गया। पुलिस ने फर्जी ग्राहक भेजकर कथित गिरोह की गतिविधियों का पता लगाया और इसके बाद छापेमारी कर तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि वह महिलाओं को देह व्यापार में धकेलने के बदले पैसे ले रही थी।

टीवी धारावाहिकों और वेब सीरीज में काम करने वाली महिलाएं निशाने पर…….
जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, गिरोह टीवी धारावाहिकों, वेब सीरीज और फोटो शूट से जुड़ी महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने एक अभिनेत्री को सुरक्षित बचाकर मुंबई स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन में रखा है, जहां उसकी सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभिनेत्री की पहचान और मामले से जुड़ी अन्य संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक नहीं की हैं।
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की मूल निवासी और वर्तमान में मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहने वाली आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 (मानव तस्करी) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसके फरार पुरुष सहयोगी की तलाश में जुटी है. इस कार्रवाई के बाद मनोरंजन जगत से जुड़ी महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें कथित तौर पर शोषण के जाल में फंसाने वाले नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
