जमशेदपुर : श्री श्री शीतला माता मंदिर, साकची में नवरात्रि के शुभारंभ पर अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से कलश स्थापना की गई। पंडित अभिषेक बाजपेई एवं निखिल शुक्ला के दिशा-निर्देशन में मां भगवती की पूजा-अर्चना, देवी भागवत पाठ और विशेष तप-साधना शुरू हुई, जो महानवमी तक जारी रहेगी।

नवरात्रि के पहले दिन से ही मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना और मंत्र-जप में शामिल होकर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से पूजा-अर्चना में शामिल होने की अपील की है. अनुष्ठान में मंदिर के लाइसेंसी एवं सचिव पंडित रितेश बाजपेयी सहित यजमान संतोष सिंह, रामबाबू सिंह, निर्मल सिंह, अमन बाजपेयी, मनोज दास, गणेश गोप, सागर चौबे और चंडी मंडल उपस्थित रहे।
