जमशेदपुर : सामाजिक सरोकार और जनसेवा के प्रति समर्पित संस्था ‘प्रयत्न’ की ओर से नियमित साप्ताहिक सेवा अभियान के तहत शहर में विशेष भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रमुख मंदिरों के बाहर रहने वाले असहाय, जरूरतमंद, दिव्यांग, बुजुर्ग और बेसहारा लोगों के साथ-साथ कैंसर मरीजों के परिजनों के बीच ताजा एवं पौष्टिक भोजन के पैकेट वितरित किए गए।

अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने स्थानीय कैंसर अस्पताल के बाहर इलाजरत मरीजों के साथ रह रहे उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें गर्म एवं शुद्ध भोजन उपलब्ध कराया। गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवारों के लिए संस्था की यह पहल केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रही, बल्कि मुश्किल दौर में उन्हें भावनात्मक संबल देने का भी काम किया।
इसके बाद शहर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों के बाहर बैठे जरूरतमंदों को कतारबद्ध कर सम्मानपूर्वक भोजन परोसा गया। संस्था के सदस्यों ने सेवा के दौरान लोगों से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उनकी जरूरतों को भी समझने का प्रयास किया।
संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवारों पर आर्थिक और मानसिक दबाव काफी अधिक होता है। इलाज की भागदौड़ में कई बार मरीजों के परिजन अपने खान-पान तक की अनदेखी कर देते हैं। ऐसे में संस्था का साप्ताहिक सेवा अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक राहत और अपनत्व पहुंचाने की एक छोटी-सी कोशिश है।
उन्होंने आम नागरिकों और भामाशाहों से इस मानवीय पहल से जुड़ने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की. बताया गया कि यह सेवा कार्यक्रम संस्था के सदस्य भास्कर के सुपुत्र के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। अभियान में संस्था के रौशन, अंकित, राहुल, भास्कर, हर्ष, रवि, आकाश, दुर्गेश, शिबू समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
