जमशेदपुर : उत्कल समाज इंटर कॉलेज, गोलमुरी में भौतिकी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. दीनानाथ यादव के 11 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित शैक्षणिक सेवा पूर्ण होने पर भावभीना सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्कल समाज एवं कॉलेज परिवार की ओर से आयोजित इस समारोह में प्रो. यादव के शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने प्रो. दीनानाथ यादव के अनुशासित कार्यशैली, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण, सरल व्यक्तित्व एवं उत्कृष्ट शिक्षण कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रो. यादव ने अपने लंबे शिक्षण कार्यकाल में न केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर उत्कल समाज एवं कॉलेज परिवार की ओर से प्रो. दीनानाथ यादव को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया और अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में उत्कल समाज के अध्यक्ष अनंत नारायण पाढ़ी, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सामंत, महासचिव प्रदीप कुमार जेना, सचिव सुशील कुमार बिस्वाल, शैलेंद्र प्रसाद लेंका एवं कार्यकारी सदस्य मनोरंजन गौड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में कॉलेज की प्रधानाचार्या सुमन रानी के साथ प्रो. भुवनेश्वर राय, सुजीत, सत्यजीत, त्रिलोचन गोप, पूजा पांडे, कनकलता, छोटी कुमारी, सागरिका, पिंकी कुमारी, आभा सिंह, श्वेता, अनिता कुमारी, प्रीति कुमारी, सोनी कुमारी, अनुप्रिया झा सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने प्रो. यादव के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं. आत्मीयता, सम्मान और भावुकता से ओतप्रोत इस समारोह का समापन प्रो. दीनानाथ यादव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

