बोले- जाम से रोज जूझ रहे हजारों लोग, आपात स्थिति में एंबुलेंस फंसने पर कौन लेगा जिम्मेदारी?
जमशेदपुर : डिमना चौक से डिमना लेक तक जाने वाली सड़क पर बढ़ते यातायात दबाव और सड़क चौड़ीकरण कार्य में हो रही देरी को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रशासन और टाटा स्टील से सवाल उठाया है। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण का टेंडर स्वीकृत होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं होने पर चिंता जताते हुए कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है।

सौरभ विष्णु ने कहा कि डिमना चौक से डिमना लेक तक का मार्ग प्रतिदिन हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस के लिए भी रास्ता निकालना चुनौती बन जाता है।
उन्होंने कहा कि डिमना क्षेत्र से एमजीएम अस्पताल सहित शहर के विभिन्न अस्पतालों तक पहुंचने के लिए यह महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में सड़क चौड़ीकरण को केवल यातायात सुविधा से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। यह मामला सीधे तौर पर आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।
विष्णु ने सवाल उठाया कि यदि किसी दिन गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस जाम में फंस जाती है और अस्पताल पहुंचने में देरी के कारण मरीज की स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी गंभीर स्थिति का इंतजार करने के बजाय समय रहते समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
हाईवे निर्माण के साथ सड़क चौड़ीकरण करने का सुझाव…..
सौरभ विष्णु ने प्रशासन और टाटा स्टील से लंबित सड़क चौड़ीकरण कार्य को तत्काल शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान में हाईवे का निर्माण कार्य भी चल रहा है। ऐसे में डिमना लेक तक जाने वाली सड़क को भी इसी परियोजना के साथ विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि हाईवे का निर्माण पूरा होने के बाद सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया, तो तैयार सड़क को दोबारा काटने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे सरकारी एवं संस्थागत संसाधनों की बर्बादी के साथ-साथ आम लोगों को भी दोबारा परेशानी झेलनी पड़ेगी. उन्होंने कहा, “कल सड़क काटकर नई समस्या पैदा करने से बेहतर है कि आज ही दोनों काम साथ कराकर स्थायी समाधान किया जाए।” सौरभ विष्णु ने प्रशासन और टाटा स्टील से इस मामले में समन्वय स्थापित कर सड़क चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू कराने तथा डिमना क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।
