जमशेदपुर : छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति (महिला मंडल), सोनारी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राखी मेला का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. समारोह में समाजसेवी सुकृतदास मानिकपुरी तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन सुधा दीदी एवं बहन कोमल दीदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। ब्रह्माकुमारी बहनों ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाने के साथ रक्षा सूत्र भी बांधा गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिनेश कुमार ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक समिति का यह आयोजन लोक-संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उद्यमिता प्रदर्शित करने का अवसर भी देता है. उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने गंभीर चुनौती है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सरकार या किसी एक संस्था का प्रयास पर्याप्त नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
दिनेश कुमार ने आयोजन के लिए महिला मंडल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास की मजबूत आधारशिला बताया. संस्था के अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद ने समिति की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों एवं सदस्यों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मंडल की अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री जया साहू ने किया।
महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमिता का दिखा रंग….
तीन दिवसीय राखी मेले में हस्तनिर्मित राखी, साड़ी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम और विभिन्न खाद्य सामग्री के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। मेले ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा, स्वावलंबन और उद्यमिता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया. कार्यक्रम में संस्था के सदस्यगण और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। आयोजन को सफल बनाने में कांता सिंह, गीतांजलि साहू, अंजू श्रीवंशी, सुनीता साहू, सुरजा देवी, नीलम साहू, उमा साहू, कांति साहू, लता साहू, रेखा साहू, विद्या साहू सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन पर आयोजक समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।



























































