जमशेदपुर : भाजपा पर एससी-एसटी समाज को वोट बैंक समझने का आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता बंधु तिर्की के बयान पर तुरी समाज, जमशेदपुर के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार प्रसाद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस और गठबंधन सरकार को अपने कामकाज की समीक्षा करनी चाहिए।
मनीष प्रसाद ने कहा कि जमशेदपुर के शहरी क्षेत्रों में अनुसूचित जाति के लोगों के जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने का मामला लंबे समय से लंबित है। समाज के प्रतिनिधि करीब एक वर्ष से नेताओं और अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष भी यह समस्या रखी गई, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला है।
उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र नहीं मिलने से विद्यार्थियों, नौकरी के अभ्यर्थियों और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। समाज को राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि अपने अधिकारों का समाधान चाहिए. मनीष प्रसाद ने मुख्यमंत्री और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं से जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर समाज लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगा।


