जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग, छिनतई, लूट और महिलाओं को निशाना बनाकर हो रहे अपराधों को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने नवनियुक्त वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब को पत्र लिखकर महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने की मांग की है।

सौरभ विष्णु ने अपने पत्र में कहा है कि शहर की कई कॉलोनियों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने के कारण अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। इसका नतीजा यह है कि आए दिन चेन स्नैचिंग, छिनतई और लूट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इन घटनाओं का सबसे अधिक शिकार महिलाएं और बुजुर्ग हो रहे हैं, जिससे शहर में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उन्होंने हाल ही में कदमा क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधियों से बचने के प्रयास में एक महिला सड़क पर गिर गई थीं, जिससे उनका हाथ टूट गया। सौरभ विष्णु ने कहा कि ऐसी घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब विशेष और प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि स्पेशल टास्क फोर्स के गठन की मांग नई नहीं है। इससे पूर्व भी उन्होंने तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय को इसी संबंध में आवेदन सौंपा था। अब नए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के पदभार ग्रहण करने के बाद एक बार फिर पत्र लिखकर इस मांग को दोहराया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस और परिणामकारी पहल की जाएगी।
सौरभ विष्णु ने एसएसपी से मांग की है कि चेन स्नैचिंग, छिनतई, लूट और महिलाओं से जुड़े अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सक्रिय पुलिसिंग और प्रभावी निगरानी से ही अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा तथा शहरवासियों, विशेषकर महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित हो सकेगा।
