जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में आदिवासी हो समाज युवा महासभा की बैठक जिलाध्यक्ष गोमिया सुंडी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी के तत्वावधान में गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर वर्ष 2023–2024 सत्र के हो क्लास “तुरतुग़ं” के 13 शिक्षकों को भाषा और समाज के प्रति उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सर्टिफिकेट और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रफूल्ल आकान्त ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण में उनका योगदान सराहनीय और प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम के बाद आगामी सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय सरहुल पूजा समिति द्वारा 21 मार्च 2026 को आयोजित सरहुल/बा: शोभायात्रा में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर इस पर्व को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 29 मार्च 2026 को हो समाज भवन, गोलमुरी में दिशुम मागे पोरोब हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। वहीं 4 अप्रैल 2026 को वीर शहीद गंगाराम कालुन्डीया के शहादत दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 250 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 24 मई 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जनजाति समागम (डीलिस्टिंग महारैली) में भी समाज के लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली, जिला उपाध्यक्ष रवि सवैया, नर सिंह बिरूली, रायसिंह बिरूवा, डिबार पुरती, लालमोहन जमुदा, सरस्वती बिरुवा सावैयां, सुनीता मेलगांडी, सगीता सामड, पोनाइ सवैया, चैतन्य पुरती, मंगल दोंगो और जमुना बोदरा समेत कई सदस्य उपस्थित थे।
