संगठन विस्तार अभियान को मिली नई गति, झारखंड के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने का लिया संकल्प
जमशेदपुर : आजसू पार्टी के संगठन विस्तार अभियान के तहत रविवार को मानगो स्थित कुंवर बस्ती में आयोजित आजसू यूथ मिलन समारोह में सैकड़ों युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सदस्यता ग्रहण करने वाले युवाओं ने पार्टी की नीति, सिद्धांत एवं संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए झारखंड और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। कार्यक्रम की अध्यक्षता मानगो मंडल अध्यक्ष अजय उपाध्याय ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन निर्भय पांडेय ने किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि आजसू केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि राज्य का युवा जनहित की राजनीति और झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए आजसू पर विश्वास जता रहा है।
उन्होंने कहा कि “युवा किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। मानगो की कुंवर बस्ती से जिस उत्साह के साथ युवाओं ने आजसू परिवार की सदस्यता ग्रहण की है, वह पूर्वी सिंहभूम में संगठन के बढ़ते जनाधार का स्पष्ट प्रमाण है। आने वाले दिनों में हजारों युवा पार्टी से जुड़ेंगे और झारखंड के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देंगे।”
पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि आजसू युवाओं को नेतृत्व देने वाली पार्टी है। संगठन से जुड़ने वाला प्रत्येक युवा झारखंड के विकास, सम्मान और जनसरोकारों की लड़ाई का सिपाही है। उन्होंने नवसदस्यों से अनुशासन और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. इस अवसर पर जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी, जिला उपाध्यक्ष चंद्रेश्वर पांडेय, युवा आजसू जिला प्रभारी मंटू शुक्ला तथा विकास महतो ने भी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से निर्भय पांडेय, रोहित तिवारी, नितेश तिवारी, राहुल गुप्ता, आस्तिक कुमार, सूरज कुमार, स्वस्तिक सोनी, अंकित कुमार शर्मा, मनोहर कुमार, राजन कुमार, दीपेश पांडेय, सुमित सिंह, विश्वजीत कुमार, सरोज कुमार, निशांत कुमार, पिंटू सिंह, पवन पांडे, अमित पांडेय, शुभम गुप्ता, अमर किशोर सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे. कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
