रेलवे कॉलोनी के समीप आयोजित सेवा अभियान में बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, समाजसेवा के संकल्प को किया मजबूत
जमशेदपुर : सामाजिक जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय प्रयत्न संस्था ने रविवार को रेलवे कॉलोनी के समीप स्थित झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों के बीच पौष्टिक भोजन वितरण अभियान चलाया। इस दौरान बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया।

संस्था के अध्यक्ष समर झा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल भोजन वितरण करना नहीं, बल्कि समाज के वंचित बच्चों तक यह संदेश पहुंचाना है कि वे अकेले नहीं हैं और समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए तथा प्रत्येक बच्चे को पर्याप्त और पौष्टिक भोजन मिले, इसके लिए प्रयत्न संस्था आगे भी लगातार ऐसे सेवा कार्य करती रहेगी।
भोजन वितरण से पूर्व संस्था के सदस्यों ने बच्चों को हाथ धोने, स्वच्छता बनाए रखने तथा साफ-सफाई की आदत अपनाने के महत्व के बारे में सरल और प्रेरक तरीके से जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साह के साथ इस अभियान में भाग लिया।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में संस्था के शिबू, आकाश, अंकित, मधुरेश, राहुल, भास्कर एवं दुर्गेश ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के बाद स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने प्रयत्न संस्था के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
