जमशेदपुर : बिष्टुपुर में पुलिस की मौजूदगी में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड, शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, नशे के बढ़ते कारोबार, छिनतई, प्रशासनिक विफलता और ध्वस्त कानून-व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर द्वारा शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर बंद को शहरवासियों का व्यापक और अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हुआ। जमशेदपुर बंद के दौरान शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, परिवहन संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों ने बंद का समर्थन कर अपराध और अराजकता के विरुद्ध एकजुटता दिखाई।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने जमशेदपुर बंद को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व सफल बताते हुए शहरवासियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान लोगों ने स्वतः स्फूर्त अपने दुकान, प्रतिष्ठान को बंद रखा। जो शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक निष्क्रियता और सरकार की विफल नीतियों के खिलाफ जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति थी। 
संजीव सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अपराधियों में कानून का भय समाप्त हुआ है और प्रशासनिक उदासीनता ने अपराधियों को खुली छूट देने का काम किया है। आज जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है और यही जनआक्रोश जमशेदपुर बंद में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि सहयोगी राजनीतिक दलों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रबंधन एवं आम नागरिकों ने जिस एकजुटता का परिचय दिया, वह सरकार और प्रशासन के लिए संदेश है कि अब जनता अपराध, प्रशासनिक सुस्ती और अराजकता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रशासन को अपराधियों, चापड़बाजों और अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर जनता का टूटा हुआ विश्वास पुनः स्थापित करना होगा। 
संजीव सिन्हा ने जमशेदपुर की जनता, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थानों, परिवहन संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों के साथ भाजपा के सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं एवं बंद को शांतिपूर्ण रूप से सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी वर्गों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदैव जनसुरक्षा और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है एवं जमशेदपुर की शांति, सुरक्षा और नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

