जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घाघीडीह मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश निर्देशित आत्मनिर्भर मंडल अभियान को लेकर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. बैठक में संगठन की मजबूती के साथ-साथ क्षेत्र में बढ़ते अपराध, गहराते जल संकट, लगातार हो रही बिजली कटौती तथा सदर अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जनता अब अव्यवस्था और भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।



बैठक में भाजपा ने साफ संदेश दिया कि अपराधियों को संरक्षण देने वाली व्यवस्था को जवाब देना होगा तथा पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही अब स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अस्पतालों में व्याप्त धांधली पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी दी गई. बैठक के उपरांत मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे संगठन में उत्साह का संचार हुआ।
इस अवसर पर जिला महामंत्री जितेंद्र राय, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा सहित मंडल के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री रमेश कुशवाहा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन धीरज सिंह (मुन्ना) ने किया. बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं रघुवर दास के जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई वितरण कर शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में मंडल के उपाध्यक्ष सुशील सिंह, गौरीशंकर सिंह, राजेश शर्मा, कमल राठौर, मंत्री आशा जायसवाल, भोला यादव, कार्यालय मंत्री ललन गोस्वामी, कोषाध्यक्ष ललित साहू, मीडिया प्रभारी अजय गुप्ता, आईटी सेल प्रभारी सौरभ दास सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे. बैठक के अंत में भाजपा ने संकल्प दोहराया कि “जनता की आवाज बनकर हर अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी रहेगी।”
