आदित्यपुर। सोनारी के मेरिन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आदित्यपुर के देवाशीष कुंज निवासी पंकज खंडेलवाल की पुत्री वंशिका खंडेलवाल का गुरुवार देर शाम पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वंशिका की अंतिम विदाई के दौरान परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग भावुक नजर आए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। इससे पहले शाम को वंशिका के आवास से अंतिम शवयात्रा निकाली गई। शवयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिचित और शुभचिंतक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से वंशिका को अंतिम विदाई दी।

कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी वंशिका
वंशिका कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। अचानक हुई सड़क दुर्घटना में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वंशिका अपने पीछे माता-पिता, एक भाई और दो बहनों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं। सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी वंशिका के असमय निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मेरिन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत
गौरतलब है कि गुरुवार तड़के सोनारी थाना क्षेत्र के मेरिन ड्राइव में हुए सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई थी। हादसे के बाद जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
