जमशेदपुर : सत्यनारायण मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी ट्रस्ट द्वारा संचालित साकची ठाकुरबाड़ी रोड स्थित महालक्ष्मी, राणी सती दादी एवं अंजनी माता मंदिर में भादो अमावस्या के अवसर पर 11 सितंबर को राणी सती दादी का भादो महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव के तहत सुबह 8 बजे से राणी सती दादी की विशेष पूजा-अर्चना शुरू होगी। इस दौरान दादी जी के दरबार को रंग-बिरंगे व सुगंधित फूलों से आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। मंदिर में विद्युत सज्जा के साथ श्रद्धालुओं के लिए श्रृंगार दर्शन और अखंड ज्योति की भी व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने बताया कि दादी जी को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से भव्य महामंगल पाठ का आयोजन होगा। महामंगल पाठ के लिए कोलकाता के सुप्रसिद्ध पाठ वाचक विकास सोंथालिया को आमंत्रित किया गया है. महोत्सव की पूर्व संध्या पर 10 सितंबर को मंदिर समिति की महिलाओं द्वारा राणी सती दादी को विधिवत मेहंदी अर्पित की जाएगी. ट्रस्ट अध्यक्ष एवं सदस्यों ने शहर के सभी दादी भक्तों और श्रद्धालुओं से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद अग्रवाल, राजकुमार चंदुका, सुमन अग्रवाल, सुरेश खेमका, नरेश संघी, मनोज अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, सन्नी संघी, अंकित मोदी, अंकित अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, राजकुमार मवंड़िया, रिंकू जालुका समेत मंदिर समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
