11 संचालित हेल्थ सेंटरों को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश, दवा, चिकित्सक, टीकाकरण और बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच पर विशेष फोकस

जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने की दिशा में बड़े कदम उठाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के बाद अब नगर निगम का अगला लक्ष्य स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और उनकी गुणवत्ता में सुधार करना है। इसी क्रम में नगर निगम क्षेत्र में तीन नए अर्बन हेल्थ सेंटर खोलने की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, जिन्हें एक माह के भीतर आम जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
मेयर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में संचालित 11 अर्बन हेल्थ सेंटरों को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और जनहितकारी बनाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करते हुए सभी केंद्रों में उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके अलावा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, बुजुर्गों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने तथा सभी हेल्थ सेंटरों में एंटी रैबीज और सर्पदंश (स्नेक बाइट) की दवाएं उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए।
सुधा गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित शहर की पहचान होता है। नगर निगम का प्रयास है कि मानगो का प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो और समृद्ध मानगो” के संकल्प के साथ नगर निगम स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।
