जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर परिषद बाजार में स्थित ‘यूनिक कलेक्शन’ कपड़ा दुकान पर रंगदारी न देने पर की गई फायरिंग की घटना का पुलिस ने पूरी तरह से पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात मनीष सिंह गिरोह से जुड़े छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कार, चार देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।



दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, यह घटना बीते 15 मई को हुई थी। पांच अपराधी एक मैरून रंग की वैगनआर कार से ‘यूनिक कलेक्शन’ दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने व्यवसायी से मोटी रकम की रंगदारी मांगी थी। जब व्यवसायी ने पैसे देने से इनकार किया, तो इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और व्यापारियों के बीच खौफ पैदा करने के उद्देश्य से अपराधियों ने दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
विशेष टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचा
घटना के बाद जुगसलाई थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अपराधियों को ट्रैक किया। इसके बाद 19 मई को शहर के अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन
- राहुल सिंह उर्फ बडकू
- हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी
- राहुल सिंह उर्फ गेटलु
- अंकित सोनकर
- बानेश्वर नामता
अपराधियों का रहा है पुराना इतिहास: पूछताछ में सभी आरोपियों ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कई अपराधियों का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और शहर के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
भारी मात्रा में हथियार और कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई सामग्री और हथियारों का बड़ा जखीरा जब्त किया है:
- वाहन: 1 मैरून रंग की मारुति सुजुकी वैगनआर कार (घटना में प्रयुक्त)
- हथियार: 4 देशी पिस्तौल
- अम्न्युनिशन: 5 जिंदा गोलियां, 3 खाली मैगजीन और 1 खोखा
- अन्य: 6 एंड्रायड मोबाइल फोन
आगे की कार्रवाई:
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के कुछ अन्य सदस्यों और इन्हें शह देने वाले लोगों के बारे में भी जानकारियां मिली हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



