जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास पुलिस ने छापेमारी कर गांजा तस्करी के आरोपी गुप्तेश्वर गिरी उर्फ लेदा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 1.428 किलोग्राम गांजा, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और 10,435 रुपये नकद बरामद किए हैं।

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के आसपास गांजा की बिक्री की जा रही है और आरोपी के पास हथियार भी है। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और गुप्तेश्वर गिरी को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांजा के अलावा इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और गांजा पैक करने के लिए रखे गए प्लास्टिक पाउच भी बरामद किए। पुलिस को आशंका है कि बरामद सामान का इस्तेमाल गांजा की तौल और पैकिंग कर बिक्री के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। बागबेड़ा थाना में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। बरामद मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान के आधार पर संभावित गांजा सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
