जमशेदपुर । थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के तत्वावधान में सामुदायिक उच्च विद्यालय, बारीगोड़ा में रक्त विज्ञान एवं थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर के महासचिव नरेंद्र कुमार एवं संयुक्त सचिव श्रीराम सिंह ने विद्यार्थियों को रक्त विज्ञान तथा थैलेसीमिया के संबंध में महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी दी। विद्यार्थियों को रक्त के महत्व, रक्त संबंधी विकारों तथा थैलेसीमिया जैसी आनुवंशिक रक्त संबंधी बीमारी के कारणों और इससे बचाव के उपायों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता ही इसके प्रभाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं एवं विद्यार्थियों को इस बीमारी के बारे में सही वैज्ञानिक जानकारी देना समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ शिक्षिका मीना पिंगुआ उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने थैलेसीमिया सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना की।
