जमशेदपुर : गोलमुरी केबल टाउन निवासी महिला के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में आरोपी सिपाही दुर्गाचरण तियू को साकची थाना से लाइन क्लोज कर दिया गया है। करीब डेढ़ महीने बाद तीन नवंबर को गोलमुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गुरुवार को यह कार्रवाई की गई. पीड़िता के अनुसार, वह दुर्गाचरण तियू को बचपन से जानती है और उसका घर पर पारिवारिक सदस्य की तरह आना-जाना था। आरोप है कि 19 सितंबर की रात सिपाही छिपकर उसके आंगन में बैठा था और उसके साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उसका पिस्टल भी गिर गया था, जिसे महिला की छोटी बहन ने उठाकर वापस किया। महिला का आरोप है कि अगले दिन भी सिपाही ने घर पहुंचकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर मोबाइल पर घटना का वीडियो भेजते हुए जान से मारने की धमकी दी।
डर के कारण महिला ने तत्काल शिकायत नहीं की। बाद में परिजनों के सहयोग से थाने में मामला दर्ज कराया।
“सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि आरोपी आरक्षी को साकची थाना से लाइन क्लोज कर दिया गया है। मामले को वरीय अधिकारियों के समक्ष रखा गया है। उनके दिशा-निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।“




