स्नैपचैट पर हुई थी दोस्ती, फिर देवघर के बाबा मंदिर में शादी करने का दावा; पहली पत्नी की मौत की बात कहकर दूसरी शादी का झांसा देने का आरोप
जमशेदपुर : पुलिस विभाग के एक और जवान पर महिला ने प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। साकची पीसीआर वाहन संख्या-17 में पदस्थापित एएसआई मुन्ना ठाकुर के खिलाफ बिहार के भोजपुर जिले के आरा निवासी एक महिला ने बिरसानगर थाना में शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में कांड संख्या 74/26, दिनांक 04 नवंबर 2026 को बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, महिला की पहचान करीब पांच वर्ष पहले स्नैपचैट के माध्यम से मुन्ना ठाकुर से हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान एएसआई ने अपनी पहली पत्नी की मौत की बात कहकर उससे शादी की इच्छा जताई। इसके बाद जुलाई 2023 में देवघर के बाबा मंदिर में दोनों ने शादी कर ली। बाद में वह महिला को जमशेदपुर लाया और बिरसानगर के एक होटल में कुछ दिनों तक रखने के बाद वापस आरा भेज दिया।
महिला का आरोप है कि कुछ समय बाद मुन्ना ठाकुर ने उससे बातचीत बंद कर दी। बाद में उसे जानकारी मिली कि एएसआई की पहले से ही एक अन्य महिला से शादी हो चुकी है। विरोध करने और संपर्क करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज एवं धमकी दी जाने लगी।
गौरतलब है कि मुन्ना ठाकुर पूर्व में बिरसानगर थाना में पदस्थापित था और करीब एक माह पहले ही उसका तबादला पीसीआर-17 में किया गया है। वहीं, इससे पहले साकची थाना में पदस्थापित आरक्षी दुर्गाचरण तियू के खिलाफ भी एक महिला ने गोलमुरी थाना में मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। लगातार पुलिसकर्मियों पर सामने आ रहे ऐसे आरोपों ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




