ज्वेलरी दुकानों, बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस पदाधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
जमशेदपुर : धनतेरस एवं आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार, 5 नवंबर को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने स्वयं सड़क पर उतरकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ बाइक से विभिन्न इलाकों में पेट्रोलिंग की और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया. इस दौरान एसएसपी ने शहर के प्रमुख बाजारों, ज्वेलरी दुकानों, बैंकों, एटीएम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यावसायिक एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निगरानी तथा यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की।
धनतेरस के मद्देनजर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और आभूषण दुकानों में होने वाले नकदी एवं कीमती वस्तुओं के लेन-देन को देखते हुए एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने तथा लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया. एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें, ताकि आम नागरिक निर्भीक होकर खरीदारी कर सकें और शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे. त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी की यह सक्रियता अपराधियों को स्पष्ट संदेश है कि पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है।




