लगातार दूसरे दिन निकला फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
जमशेदपुर। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। क्यूआरटी और टास्क फोर्स की तैनाती के साथ थाना स्तर पर भी लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में लगातार दूसरे दिन थाना क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल के जवानों ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख सड़कों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले लोगों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने, अड्डेबाजी करने अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने स्थानीय लोगों से पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी जारी रहेगी। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
