जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार (मेन गेट) पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब एक अज्ञात सपेरा दो टोकरियों में बंद खतरनाक कोबरा सांपों को खुला छोड़कर मौके से फरार हो गया। व्यस्त स्टेशन परिसर में अचानक सांपों को रेंगते देख यात्रियों और रेल कर्मियों के बीच भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।



आरपीएफ की तत्परता और सर्परक्षक का रेस्क्यू
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और इसकी सूचना बागबेड़ा (रोड नंबर एक) निवासी प्रसिद्ध सर्परक्षक ‘स्नेक बॉय’ छोटू को दी। सूचना मिलते ही छोटू बिना वक्त गंवाए टाटानगर स्टेशन पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों सांपों को सुरक्षित काबू में कर लिया।
जंगल में सुरक्षित छोड़े जाएंगे दोनों कोबरा
सर्परक्षक छोटू ने बताया कि पकड़े गए दोनों सांप अत्यधिक विषैले कोबरा प्रजाति (नाग) के थे। उन्होंने इस रेस्क्यू ऑपरेशन की आधिकारिक जानकारी वन विभाग के अधिकारी (DFO) को दे दी है। इन सांपों को जल्द ही मानव आबादी से दूर घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा, ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।
स्नेक बॉय छोटू की अपील:
“सांप दिखने पर डरे नहीं और न ही उन्हें कोई नुकसान पहुंचाएं। जीव जंतुओं की सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या किसी प्रशिक्षित सर्परक्षक को सूचित करें ताकि उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जा सके।”



