जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शनिवार सुबह अचानक उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक होंडा जैज़ कार (JH 05 BN 5846) देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। सुबह के व्यस्त समय में काले धुएँ का गुबार और तेज़ होती लपटों ने यात्रियों को दहशत में डाल दिया, जिसके कारण कुछ देर के लिए स्टेशन के बाहर यातायात भी प्रभावित हो गया।



यात्री छोड़ने आए थे कार मालिक….
कार के मालिक गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक बताए जा रहे हैं। वे अपनी पत्नी और बेटे को दूरंतो एक्सप्रेस में बैठाने स्टेशन आए थे। ट्रेन के निर्धारित समय पर प्लेटफ़ॉर्म से लौटकर जब वे बाहर पहुँचे, तो देखा कि उनकी कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी है। सौभाग्य से कार के अंदर उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया—पहले धुआँ उठा, फिर भड़की आग….
घटना के चश्मदीदों ने बताया कि पहले कार के नीचे से धुआँ निकलता दिखा। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें तेज़ हो गईं और कार पूरी तरह जलने लगी। पास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे इधर-उधर भागने लगे।
तकनीकी खराबी की आशंका, जांच जारी….
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला तकनीकी खराबी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे, जिन्हें हटाकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की और यातायात को सामान्य किया।
दमकल की टीम और JCB की मदद से आग पर काबू…..
सूचना मिलते ही RPF, GRP, स्थानीय थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें इतनी भीषण थीं कि कार के हिस्सों को हटाने के लिए JCB मशीन भी मंगानी पड़ी। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सका। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
