घाटशिला : अनुमंडल क्षेत्र के घाटशिला स्थित जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय-I ने वर्ष 2020 से लंबित एक सत्र वाद में अहम फैसला सुनाते हुए आरोपी को दोषी करार दिया है। यह मामला वर्ष 2019 में दर्ज कराया गया था, जिसकी सुनवाई लंबी प्रक्रिया के बाद पूरी हो सकी।

मामले के सूचक नौशार अली ने बताया कि उन्होंने विषम परिस्थितियों में न्याय की लड़ाई लड़ी। प्रारंभिक प्रक्रिया में देरी के कारण मामले की पहली सुनवाई 22 जून 2022 को शुरू हो पाई। इस दौरान उन्हें सामाजिक एवं मानसिक दबावों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष मजबूती से रखा. लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने 21 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत साक्ष्यों एवं गवाहों के आधार पर आरोपी को दोषी करार दिया। न्यायालय के इस फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए सूचक ने कहा कि न्याय मिलने में देरी जरूर हुई, लेकिन अंततः न्याय मिला।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल उनके विश्वास को मजबूत करता है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी देता है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा. मामले के निष्पादन के बाद सूचक ने न्यायपालिका के प्रति आभार जताया और कहा कि अब उन्हें मानसिक शांति मिली है।

