जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव गोलचक्कर के पास सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रांगटा माइंस से लोहे की पाइप लोड कर जपला (डाल्टनगंज) की ओर जा रहा एक ट्रेलर गोलचक्कर पर मोड़ लेते समय अनियंत्रित हो गया।
कैबिन पर गिरी लोहे की पाइप, नहीं बची जान….
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर में लदी लोहे की पाइप को बांधने वाली चेन अचानक टूट गई। तेज रफ्तार में मोड़ लेते समय संतुलन बिगड़ने से भारी पाइप सीधे चालक के केबिन पर गिर पड़ी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान….
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान सुमन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई…..
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चालक को केबिन से बाहर निकालने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं…..
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरीन ड्राइव गोलचक्कर पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र है। कुछ दिन पहले यहां एक गैस टैंकर पलट चुका है, वहीं इससे पहले कोयला लदी गाड़ी के पलटने की घटना भी सामने आ चुकी है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था…..
लगातार हो रही घटनाओं ने इस गोलचक्कर पर ट्रैफिक सुरक्षा, स्पीड कंट्रोल और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
