जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टुपुर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार विद्वेष की राजनीति के तहत गरीबों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं से उनका काम का संवैधानिक अधिकार छीन रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर कर उसकी जगह विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम – VB-ग्राम जी एक्ट थोपना ग्रामीण भारत पर सीधा हमला है। यह कानून वर्षों के संघर्ष से मिले अधिकारों को समाप्त करने का प्रयास है।
VB-ग्राम जी एक्ट से छिनेंगे ये अधिकार
प्रदेश अध्यक्ष ने विस्तार से बताया कि नया कानून किस तरह ग्रामीण श्रमिकों को नुकसान पहुंचाएगा—
- काम के दिनों में कटौती :
मनरेगा के तहत 100 दिन का काम मांग पर मिलता था, जबकि नए कानून में 125 दिन का दावा होने के बावजूद बजट आधारित व्यवस्था होने से व्यावहारिक रूप से कम दिन काम मिलेगा और मजदूरी में देरी होगी। - काम की सीमित पहुंच :
अब काम केवल केंद्र द्वारा अधिसूचित पंचायतों तक सीमित रहेगा, जिससे कई गांव योजना से बाहर हो जाएंगे। - सालभर रोजगार की गारंटी खत्म :
बुवाई और कटाई के दौरान 60 “नो वर्क डे” जोड़कर मजदूरों की सुरक्षा समाप्त कर दी गई है, जिससे वे कम मजदूरी स्वीकार करने को मजबूर होंगे। - मजदूरी में अनिश्चितता :
पहले मजदूरी मुद्रास्फीति से जुड़ी थी, अब कोई स्पष्ट गारंटी नहीं है और साझा वित्त पोषण से भुगतान में और देरी होगी। - स्थानीय स्वायत्तता खत्म :
जहां पहले ग्रामसभा जरूरत तय करती थी, अब केंद्र परियोजनाएं तय करेगा, जिससे गांवों की प्राथमिकताएं नजरअंदाज होंगी। - बायोमेट्रिक बाधाएं :
फिंगरप्रिंट और फोटो आधारित उपस्थिति से बुजुर्ग और मेहनतकश मजदूर मजदूरी से वंचित हो सकते हैं। - कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा :
गांव के जरूरी कार्यों के बजाय बड़ी सड़कें और राष्ट्रीय परियोजनाएं प्राथमिकता बनेंगी। - ठेकेदारों की वापसी :
नए कानून में ठेकेदारों को अनुमति देकर भ्रष्टाचार और शोषण का रास्ता खोला गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि इन बदलावों से पलायन बढ़ेगा, बंधुआ मजदूरी का खतरा गहराएगा और बच्चों की शिक्षा पर सीधा असर पड़ेगा।
कांग्रेस ने स्पष्ट मांग रखी—
मनरेगा बहाल करो
VB-ग्राम जी एक्ट निरस्त करो
काम का कानूनी अधिकार, उचित मजदूरी और स्थानीय सशक्तिकरण वापस लाओ
कांग्रेस स्थापना दिवस को लेकर आह्वान……
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि 28 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140 वर्ष पूरे होने के अवसर पर झारखंड भर में स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी पदाधिकारी, प्रखंड, मंडल, पंचायत अध्यक्ष, BLA-2 सदस्य, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी अपने-अपने घरों पर कांग्रेस का झंडा फहराएं और फोटो सोशल मीडिया सहित पार्टी कार्यालयों को भेजें।
उन्होंने कहा कि यह अभियान कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद दिलाने का प्रतीक बनेगा।
प्रेस वार्ता में रहे उपस्थित…..
प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा, आनंद बिहारी दुबे, खगेनचंद्र महतो, अवधेश सिंह, एल.बी. सिंह, बृजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, सामंत कुमार, रजनीश सिंह, फजल खान, सफी अहमद खान, आशुतोष सिंह शाहिद सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
